अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस बार मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य अपने अधिवक्ता के साथ हरिद्वार प्रेस क्लब पहुंचे। यहां हत्याकांड की कहानी पर सवाल उठाने के साथ-साथ अंकिता के निजी जीवन, उसके रिश्तों और कथित चैट को भी सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाया गया। सवाल यह है कि क्या अब इस दुनिया में न रही अंकिता की निजता और गरिमा का भी कोई महत्व नहीं रह गया?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद आर्य ने अंकिता और उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई कथित 4085 पन्नों की चैट का जिक्र किया। अंकिता के निजी और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी कई दावे किए गए।
वहीं, उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने पूरे हत्याकांड की कहानी पर सवाल खड़े करते हुए दावा किया कि स्थानीय मीडिया और सरकार के दबाव में इस मामले को हत्या का रूप दिया गया। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि अंकिता के शव को नदी में प्लांट किया गया था, ताकि मामला हत्या का लगे।
लेकिन इन तमाम दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल अंकिता की गरिमा और निजता को लेकर है।
आखिर एक मृत युवती के निजी संदेशों, प्रेम संबंधों और पारिवारिक जीवन को सार्वजनिक मंच पर चर्चा का विषय बनाने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या अपने पक्ष को रखने के लिए एक ऐसी बेटी के निजी जीवन को उछालना जरूरी है, जो अब खुद अपना पक्ष रखने के लिए मौजूद नहीं है?
विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता को अपना पक्ष रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन क्या इस अधिकार की आड़ में मृतका की गरिमा को नजरअंदाज किया जा सकता है?
अंकिता को न्याय मिलने की लड़ाई के बीच अब सवाल यह भी है कि क्या मौत के बाद भी एक बेटी की निजता और सम्मान सुरक्षित नहीं रह सकते?
#AnkitaBhandari #AnkitaBhandariCase #JusticeForAnkita #AnkitaBhandariMurderCase #VinodArya #PulkitArya #Pushpdeep #HaridwarPressClub #UttarakhandNews #AnkitaKoNyayDo #AnkitaBhandariJustice #WomenDignity #PrivacyAndDignity #UttarakhandBreakingNews #CitySpecialNews
Hardwar, Haridwar | Nov 17, 2026