अररिया, 06 अगस्त 2026
जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के एसबीआई शाखाओं में लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उधोग भवन के सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एसबीआई की विभिन्न शाखाओं में लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसबीआई के रीजनल मैनेजर श्री मिथिलेश कुमार, सीएम क्रेडिट श्री ब्रजेश कुमार, एलडीएम श्री इंदु शेखर, कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार एवं राजेश प्रियदर्शी सहित विभिन्न एसबीआई बैंकों के शाखा प्रबंधक, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने योजना के लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। बैठक में बताया गया कि एसबीआई कनखुदिया, पलासी शाखा में 20, एसबीआई मुख्य शाखा में 12, एसबीआई नाथपुर में 12, एसबीआई एडीबी शाखा में 11, एसबीआई रानीगंज में 9, एसबीआई फारबिसगंज में 8, एसबीआई कुर्साकांटा में 5 तथा एसबीआई एएमवाई फारबिसगंज शाखा में 5 ऋण आवेदन लंबित हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित शाखा प्रबंधकों को सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि योजना के तहत 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए बैंक खाते का विवरण, नवीनतम बिजली बिल तथा भूमि के मालिकाना हक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। बैठक में यह भी बताया गया कि सोलर पैनल स्थापना के लिए उपभोक्ताओं को बैंकों के माध्यम से 6 प्रतिशत से कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा अपनाना और अधिक सुलभ एवं किफायती हो गया है।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी घरेलू उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा योजना, सब्सिडी एवं ऋण संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए अपने निकटतम विद्युत विभाग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने में लगभग 70 हजार रुपये प्रति किलोवाट का खर्च आता है। इस पर केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
9 views | Araria, Bihar | Aug 6, 2026