सोरों के प्राथमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरा, पांच मासूम घायल
जर्जर भवन बना हादसे की वजह, एक बच्चे को किया गया रेफर; ग्रामीणों ने भवन की तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों क्षेत्र की ग्राम पंचायत कादरवाड़ी स्थित भीलोर प्राथमिक विद्यालय में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई कर रहे बच्चों के ऊपर विद्यालय की छत की कंक्रीटयुक्त परत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में पांच मासूम छात्र-छात्राएं घायल हो गए। विद्यालय में मौजूद प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार बच्चों को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, स्थानीय चौकी प्रभारी तथा क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक जानकारी जुटाई।
जलभराव से कमजोर हुई छत, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। छत पर नियमित सफाई न होने के कारण बरसात का पानी जमा रहता है, जिससे छत कमजोर होकर फूल चुकी है। इसी कारण कंक्रीट की परत टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गई। ग्रामीणों ने इस हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
घायल बच्चों के नाम
हादसे में घायल बच्चों में—
- शैयल पुत्री अवधेश कुमार (2 वर्ष)
- रिजवान पुत्र इरशाद (5 वर्ष)
- रेहान पुत्र इमरान (4 वर्ष)
- रोशनी पुत्री मुकेश कुमार (2 वर्ष)
- खुशी पुत्री लखन (3 वर्ष)
शामिल हैं। इनमें से एक बच्चे को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
ग्रामीणों ने क्या कहा
ग्रामीण बिहारी लाल ने कहा कि विद्यालय भवन काफी समय से जर्जर है। कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि समय रहते भवन की मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
ग्रामीण प्रेम सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में विद्यालय की छत पर पानी भरा रहता है, जिससे छत लगातार कमजोर होती गई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
खंड शिक्षा अधिकारी रामरूप को फोन से वार्ता की तो उन्होंने बताया उन्हें जानकारी नहीं है अभी मीटिंग में हूं आप विधालय के शिक्षक से जानकारी कर लीजिए मैं विधालय का निरीक्षण करूंगा।अब सवाल यह है की घटना लगभग 12:30 बजे की है और अधिकारियों को फोन शाम को 4:00 बजे लगाया गया तो उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। #DMKasganj #soron #yogiAditynath #school