खेलों में दिखा रफ्तार, हुनर और दमखम, विवेक-वृंदा ने जीती 100 मीटर दौड़
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय खेल कार्यक्रम श्रृंखला का उत्साहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।पहले दिन बैडमिंटन और दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। 100 मीटर बालक वर्ग में विवेक कुमार वर्मा ने प्रथम, शिवप्रताप ने द्वितीय और हिमांशु मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में वृंदा शर्मा प्रथम, संध्या वर्मा द्वितीय और शिवानी सक्सेना तृतीय रहीं। बैडमिंटन बालक वर्ग में विनायक शर्मा विजेता और शौर्य सिंह उपविजेता रहे, जबकि बालिका वर्ग में श्रेया पांडेय ने बाजी मारी।दूसरे दिन ‘फिट इंडिया, स्वस्थ इंडिया’ विषय पर अतिथि व्याख्यान हुआ। जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने विद्यार्थियों को नियमित खेल और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।तीसरे दिन कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। बालक कबड्डी में धनराज इलेवन और बालिका वर्ग में सविता इलेवन विजेता रही। रस्साकशी बालक वर्ग में नीरज चोपड़ा टीम तथा बालिका वर्ग में पीटी उषा टीम ने जीत दर्ज की। समापन पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का आत्मविश्वास भी देते हैं। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. अजीत सिंह चारग के निर्देशन में हुए आयोजन में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। क्रीड़ा उपसचिव डॉ. प्राजंल शाही ने सभी का आभार जताया।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Aug 30, 2026