हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा की गई 25 प्रतिशत फीस वृद्धि के खिलाफ SFI का धरना-प्रदर्शन, कुलपति का पुतला जलाया गया
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) द्वारा छात्रों पर की गई 25 प्रतिशत फीस वृद्धि के खिलाफ आज स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), राजकीय महाविद्यालय सोलन इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान SFI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा फीस वृद्धि के विरोध में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति (Vice Chancellor) का पुतला जलाकर विरोध दर्ज किया।
SFI का कहना है कि शिक्षा कोई व्यापार नहीं बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है। लगातार बढ़ती फीस छात्रों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। विशेषकर गरीब, मजदूर, किसान तथा निम्न आय वाले परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए फीस में इस प्रकार की वृद्धि उच्च शिक्षा को और अधिक महंगा बनाने का काम करती है।
SFI के लगातार आंदोलन और छात्रों के दबाव के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा फीस वृद्धि में 15 प्रतिशत की कमी करने का निर्णय लिया गया है। SFI इसे छात्रों के संघर्ष की आंशिक जीत मानती है, लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा की गई पूरी फीस वृद्धि अभी वापस नहीं ली गई है।
SFI स्पष्ट करना चाहती है कि जब तक फीस में की गई पूरी 25 प्रतिशत वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। SFI आगे भी छात्रों को लामबंद करते हुए इस आंदोलन को और तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान SFI कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की आर्थिक स्थिति को समझते हुए फीस बढ़ाने के बजाय शिक्षा को अधिक सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। शिक्षा के व्यवसायीकरण और लगातार बढ़ती फीस के खिलाफ छात्रों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
SFI ने राजकीय महाविद्यालय सोलन के सभी छात्रों से आह्वान किया कि वे फीस वृद्धि के खिलाफ चल रहे संघर्ष में एकजुट हों और “पूरी फीस वृद्धि वापस लो” की मांग को मजबूती से उठाएं।
SFI ने स्पष्ट किया कि 15 प्रतिशत की कमी पर्याप्त नहीं है। जब तक पूरी फीस वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक SFI का संघर्ष जारी रहेगा। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांग को स्वीकार नहीं करता है तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Solan, Solan | Aug 25, 2026