ITO के पास सड़क हादसा, दो विधायकों समेत 6 लोग घायल। आईटीओ इलाके में रविवार रात सड़क हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 9:30 बजे पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास हुआ। सूचना मिलते ही आईपी एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आर्य नगर निवासी 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जा रहे थे। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास उनकी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार रेलिंग पार कर आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही इनोवा से जा भिड़ी।
इनोवा में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल सवार थे। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सभी घायलों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Delhi, India | Aug 23, 2026