आज दिनांक 13.07.2026 को जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार की अध्यक्षता में जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा खरीफ मौसम में किसानों को समय पर, पर्याप्त मात्रा में तथा सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को निदेश दिया गया। सभी उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक दर पर किसी भी परिस्थिति में उर्वरक की बिक्री नहीं की जाएगी। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करते हुए संबंधित विक्रेता के अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के निलंबन अथवा रद्दीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सभी उर्वरक कंपनियों एवं थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि उर्वरकों के साथ किसी भी प्रकार के सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशी, जैव उत्पाद अथवा अन्य कृषि सामग्री की अनिवार्य टैगिंग (Tagging) नहीं की जाएगी। किसानों को किसी भी अतिरिक्त उत्पाद की खरीद के लिए बाध्य करना पूर्णतः नियम विरुद्ध है। ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कंपनी एवं विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्टॉक एवं मूल्य सूची का अनिवार्य प्रदर्शन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। सभी विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की बिक्री, अभिलेखों का समुचित संधारण एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार के द्वारा किसानों से अपील की गई कि वे उर्वरक केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें तथा प्रत्येक खरीद पर अनिवार्य रूप से कैश मेमो रसीद प्राप्त करें। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग की जाती है, टैगिंग के लिए बाध्य किया जाता है अथवा कालाबाजारी की जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अथवा जिला कृषि कार्यालय को दें।
जिले में वर्तमान समय में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। जिले में उपलब्ध उर्वरकों का वर्तमान स्टॉक निम्न प्रकार है :-
यूरिया : 9194.89 मीट्रिक टन, डीएपी (DAP): 3719.40 मीट्रिक टन, एम.ओ.पी. (MOP) : 2644.605 मीट्रिक टन, एन.पी. के. (NPK): 8370.33 मीट्रिक टन, एस.एस.पी. (SSP): 1948. 95 मीट्रिक टन
आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति लगातार की जा रही है तथा किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कंपनियों एवं उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्वरकों का पारदर्शी, सुचारु एवं नियमसम्मत वितरण सुनिश्चित करें तथा शासन के सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।
जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार ने सभी थोक / खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को रासायनिक खाद से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताते हुए किसानों को जैव उर्वरकों का उपयोग करने हेतु जागरूक करने का निदेश दिया।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कटिहार।
@topfans Information & Public Relations Department, Government of Bihar #katihar Department of Agriculture, Government of Bihar @T
Katihar, Bihar | Jul 13, 2026