जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
डिंडौरी में जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत गौराकन्हारी में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों का कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पंजीयन तथा आवेदन प्राप्त करने की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल पर शासन की योजनाओं, सेवाओं, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी एवं प्रपत्र उपलब्ध रखे।
कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए तथा नियमानुसार संभव हो तो मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिविर को व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी और सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#DindoriNews
#JanVishwasAbhiyan
#MadhyaPradeshNews
#Dindori
#Halchal24News
Dindori, Dindori | Aug 29, 2026