*खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु जिलाधिकारी ने किया खेल संरचनाओं का निरीक्षण*
भागलपुर, दिनांक 17 सितंबर 2026।
खेलों के विकास, जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनमें उत्साहवर्धन के उद्देश्य से जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय ने आज सैंडिस कंपाउंड स्थित विभिन्न खेल एवं खेल संरचनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारी एवं जिला खेल पदाधिकारी, भागलपुर उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम सैंडिस कंपाउंड स्थित स्टेशन क्लब, कैफेटेरिया एवं ओपन थिएटर का निरीक्षण किया। ओपन थिएटर में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया बॉक्सिंग प्रतियोगिता की तैयारियों एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं बेहतर करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सैंडिस कंपाउंड परिसर स्थित लॉन टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन हॉल, जिम, बास्केटबॉल कोर्ट, स्टेडियम, वॉलीबॉल कोर्ट एवं खेल भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल परिसरों की वर्तमान स्थिति, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा आवश्यक सुधारों की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जिला खेल पदाधिकारी, भागलपुर को जिले में खेलों के विकास, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आवश्यक कार्ययोजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने खेल अधोसंरचनाओं के समुचित उपयोग एवं रख-रखाव के साथ-साथ खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध खेल संसाधनों का बेहतर एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर
Bhagalpur, Bihar | Sep 18, 2026