लिटिल हार्टस पब्लिक स्कूल में सहकारिता विभाग की सेवाओं संबंधी व साइबर अपराध जागरूकता अभियान का आयोजन
लिटल हार्टस पब्लिक स्कूल भिवानी के प्रांगण में आज सहकारिता विभाग के शिक्षा अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह जी व साइबर क्राइम सेल से श्री विष्णु जी व उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों को सहकारिया विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं व साईबर अपराध व डिजिटल सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। विद्यालय के महासचिव डॉ. संजय गोयल, एम.डी. डॉ. पवन गोयल व भावना गोयल ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का मकसद छात्रों व शिक्षकों को बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, डेटा चोरी, युपीआई स्कैम, सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में जानकारी देना था। साईबर अपराध सेल के अधिकारियों ने बताया कि कैसे डिजिटल साक्षरता की कमी के कारण देश के नागरिक साइबर धोखाधड़ी का शिकार बन रहे हैं। साइबर क्राइम सेल के विशेषज्ञों ने फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, नकली लिंक, लोन ऐप स्कैम और पहचान की चोरी (आइडेंटिटी थेफ्ट) जैसे आम साइबर खतरों के बारे में बताया। उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल के तरीके भी बताए, जैसे मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना, ओटीपी शेयर न करना, लिंक पर क्लिक करने से पहले उनकी जांच करना और नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल की वेबसाईट व हेल्पलाइन नम्बर पर घटनाओं की रिपोर्ट करना। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभाग द्वारा चलाई जा रही मुख्य योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए सहकारी समितियों का गठन और रजिस्ट्रेशन, सहकारी बैंकों के जरिए कम ब्याज पर लोन, खेती के सामान और उपकरणों पर सब्सिडी, डेयरी, मछली पालन और महिला स्वयं-सहायता समूहों के लिए मदद, सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए डिजिटल सेवाएँ, हमारे जिले में चल रहे वीटा दुग्ध प्लांट, कोपरेटिव बैंक आदि के बारे में बताया। विद्यालय की निदेशिका ऐश्वर्या सिंघल, निदेशक रामानंद सिंघल, राहुल गोयल, विनय गोयल, निश्चल गोयल व साक्षी गोयल ने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार के अभियान आयोजित किए जाते हैं जिससे विद्यार्थी जागरूक बनकर समाज में जागरूकता फैला सके व अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराध से बचाया जा सके व समाज को सरकार द्वारा चलाई जाने वाली योजनाओं का फायदा मिल सके। इस अवसर पर प्राचार्य दीपक जोशी, उप-प्राचार्य मनमोहन चावला, कोर्डिनेटर संचित जैन, मोहित कुमार, अनिल, रजनी, रेणु, सोनिया खेमका, रश्मि, राजकुमार, महेष्ठा सहित विद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित था।