श्रीराम के जयघोष के साथ
निकली भव्य कलश यात्रा में झूम उठा शहर
संत रामझूलन दास महाराज के सानिध्य में अशोक बुवानीवाला परिवार ने किया आदर सत्कार
भिवानी 11 अक्तूबर॥ छोटी काशी में रविवार सुबह प्रभु श्रीराम के जयघोष के साथ ही संत रामझुलन दास जी महाराज के सानिध्य में भव्य क्लश यात्रा निकाली गई।
यह यात्रा प्रणामी मंदिर से शुरू होकर राज श्री बैंक्वेट हॉल गेट तक पहुंची।
यह जानकारी देते हुए अखिल भारतीय श्री दादू सेवक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने बताया कि श्री राम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ ही रविवार को हुआ। जिसमें सैंकड़ो श्रद्धालु महिलाओ के साथ साथ अशोक बुवानीवाला परिवार के सदस्यों ने सिर पर कलश धारण कर प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन नगर परिक्रमा की।अशोक बुवानीवाला ने बताया कि 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित इस भव्य श्री राम कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे राज श्री बैंक्वेट हॉल गेट, भिवानी में होगा। कथा का वाचन पूज्य संत रामझूलन दास जी महाराज के मुखारविंद से किया जाएगा। बुवानीवाला ने बताया कि श्री राम कथा के इस भव्य आयोजन में भिवानी शहर के संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों का विशेष सान्निध्य और आशीर्वाद प्रतिदिन मिलेगा। वहीं भिवानी पहुंचे संत रामझुलन दास जी महाराज इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए बोले कि भगवान श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, सत्य, कर्तव्य, सेवा और आदर्श जीवन का संदेश देता है। श्रीराम कथा के माध्यम से इन जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। श्री राम कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। संत रामझूलन दास जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम की लीलाओं, आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन चरित्र का वर्णन ही जीवन का आधार है।उन्होंने कहा कि श्री राम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सद्भाव, सेवा और आपसी भाईचारे से जोडऩे का आध्यात्मिक अभियान है। संत महाराज ने कहा कि सामूहिक रूप से भगवान श्रीराम का स्मरण और कथा श्रवण समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 11, 2026