अरवल में तैनात उत्तर प्रदेश की शिक्षिका मानसी रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप, परिजनों ने अरवल प्रशासन एवं बिहार सरकार से निष्पक्ष जांच और न्याय की लगाई गुहार।
अरवल। बिहार के अरवल जिले के बेलखारा स्थित सरकारी विद्यालय में कार्यरत उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर निवासी 30 वर्षीय शिक्षिका मानसी रानी की आत्महत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मानसी रानी, कोमल सिंह चौहान की पुत्री थीं और टीआर-1 शिक्षक के रूप में बीएससी के तहत अपनी सेवाएं दे रही थीं।
परिजनों के अनुसार, मानसी रानी की शादी 19 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवर का बसेरा निवासी मित्रपाल सिंह के साथ हुई थी। मित्रपाल सिंह भारतीय वायुसेना में कारपेंटर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
मृतका के परिजनों ने पति मित्रपाल सिंह और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही दहेज की मांग को लेकर मानसी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि पति का किसी दूसरी युवती के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसके कारण वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद हो रहा था।
परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर मानसी ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। उन्होंने अरवल जिला प्रशासन और बिहार सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शिक्षिका मानसी रानी को न्याय दिलाने के लिए अरवल प्रशासन और बिहार सरकार क्या ठोस कदम उठाती है। Public ki Awaz Arvind Yadav Public Ki Awaz - News
Arwal, Arwal | Nov 9, 2026