#भरतपुर। डीग जिले के पहाड़ी स्थित केसरी सिंह सरकारी स्कूल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक नौक्षम चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। विधायक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अन्य उपस्थित लोगों के साथ योग अभ्यास भी किया। यह आयोजन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चला। कार्यक्रम का संचालन योगेश तिवारी ने किया। इसकी शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने कपालभाति, ताड़ासन और वज्रासन जैसे विभिन्न योग प्राणायाम किए। इस साल 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' (बढ़ती उम्र के लिए योग) रखी गई थी। इस अवसर पर थाना सीओ अमरसिंह मीणा, थाना अधिकारी योगेन्द्र राजावत, जनप्रतिनिधि, टीचर्स, महिलाएं, कस्बा निवासी और पुलिस प्रशासन के सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने योग अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बालमुकुंद शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।