दाउदनगर के निजी अस्पताल में छापेमारी, छत के कमरे से सरकारी दवाएं बरामद
दाउदनगर-बारुण रोड स्थित अमेज हेल्थकेयर हॉस्पिटल में गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल की छत पर बने एक कमरे से सरकारी सप्लाई की दवाएं बरामद की गईं।
अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी में कुल सात प्रकार की 251 दवाएं मिलीं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया है। सरकारी दवाओं के निजी अस्पताल में पाए जाने के मामले में औषधि एवं अंगराग नियमावली, 1945 के संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में औषधि निरीक्षक हरेराम सिंह, औषधि निरीक्षक हेमंत कुमार पंडित, सहायक औषधि नियंत्रक औरंगाबाद, दाउदनगर अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनमोल कुमार शामिल रहे। टीम के साथ दाउदनगर थाना के पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल भी मौजूद थे।
दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन ने बताया कि निजी अस्पताल की छत पर बने कमरे में सरकारी सप्लाई की दवाएं रखी हुई मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी दवाएं निजी अस्पताल तक कैसे पहुंचीं और वहां किस उद्देश्य से रखी गई थीं, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा जब्त दवाओं और पूरे मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।