नगर पालिका सचिव 32 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी हिसार की टीम ने उचाना में रंगे हाथों दबोचा, 16 लाख के बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
उचाना, जींद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हिसार की टीम ने गुरुवार दोपहर उचाना नगर पालिका कार्यालय में कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सचिव अशोक डांगी को 32 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-3 निवासी सुरेंद्र, जो ठेकेदारी का कार्य करता है, ने एसीबी को शिकायत दी थी कि नगर पालिका में उसके करीब 16 लाख रुपये के बिल लंबित पड़े हैं। आरोप है कि बिलों को पास करने के बदले नगर पालिका सचिव अशोक डांगी दो प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहा था।
एसीबी हिसार के प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता द्वारा 32 हजार रुपये की रिश्वत राशि देते ही सचिव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि बरामद की गई राशि में 500-500 रुपये के कुल 64 नोट शामिल हैं। एसीबी टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महेंद्र सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है और भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Safidon, Jind | Jun 17, 2026