सहयोग शिविर में 48 स्वयं सहायता समूहों को मिला 1.08 करोड़ का बैंक ऋण
राशन कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड भी बांटे गए, डीएम ने 30 दिनों के भीतर आवेदनों का निष्पादन करने का दिया निर्देश
जहानाबाद : काको प्रखंड की डेढ़सैया पंचायत में शुक्रवार को आयोजित सहयोग शिविर में 48 स्वयं सहायता समूहों को एक करोड़ आठ लाख 50 हजार रुपये के बैंक ऋण के चेक वितरित किए गए। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सात लाभुकों को राशन कार्ड और दो लाभुकों को मनरेगा जॉब कार्ड भी उपलब्ध कराए गए।
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ निश्चय के तहत आयोजित शिविर में डीएम ने जीविका से जुड़ी महिलाओं को ऋण राशि का सदुपयोग कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने और अपनी आजीविका मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सात को राशन कार्ड, दो को जॉब कार्ड
शिविर में रेणु देवी, गुड़िया देवी, सरिता देवी, सुलेखा देवी, दीपक पासवान, साहुद आलम और पूनम देवी को राशन कार्ड प्रदान किए गए। वहीं, नारायणपुर गांव की वानो खातून और गुड़िया खातून को मनरेगा जॉब कार्ड उपलब्ध कराया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
30 दिनों में आवेदनों का निष्पादन अनिवार्य
डीएम ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। सभी आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ अनुपालन प्रतिवेदन भी पोर्टल पर अपलोड किया जाए। जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उनका मौके पर ही निपटारा करने को कहा गया।
विभागीय समीक्षा के दौरान डीएम ने बिजली संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने, महिलाओं एवं किशोरियों की एनीमिया जांच कराने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने पर भी जोर दिया।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बिजली और जीविका सहित विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 23, 2026