धार में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश, 210 पौधे जब्त
नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, खेत मालिक गिरफ्तार; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
धार/धरमपुरी। मध्य प्रदेश के धार जिले में गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। नारकोटिक्स सेल विंग इंदौर की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 14 अक्टूबर 2026 को धरमपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर काकड़दा में कार्रवाई करते हुए गांजे के 210 पौधे जब्त किए। पुलिस ने मौके से खेत मालिक हरेसिंह पिता सोभान को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडीजी नारकोटिक्स श्री डी. श्रीनिवास वर्मा के निर्देश पर नारकोटिक्स सेल इंदौर की टीम ने ग्राम काकड़दा में दबिश दी। जांच के दौरान खेत में गांजे के पौधे उगाए जाने का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से कुल 210 पौधे जब्त किए और आरोपी हरेसिंह को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में नारकोटिक्स टीम के डीएसपी संतोष हाड़ा, टीआई हरिओम रघुवंशी, एएसआई विजय मिश्रा, एएसआई विकास भाबोर, एएसआई चंद्रकांत शिंदे, प्रधान आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, राजरतन, ओम राठौर तथा आरक्षक प्रदीप पाल, नेहा तिवारी, रजनीश पांडे, दिनेश और जितेंद्र पटेल सहित स्थानीय पुलिस का सहयोग रहा।
#DharNews #IllegalCannabisCultivation #NarcoticsCell #DrugCrime #MadhyaPradeshNews
Indore, Indore | Oct 19, 2026