पंचकूला के शहरी क्षेत्र में जून माह में सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े 1258 वाहनों के काटे चालान, 17 वाहन किए इंपाउंड
पुलिस ने पहले एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी, नो-पार्किंग बोर्ड भी लगाए, फिर भी नहीं माने चालक तो बरती सख्ती
पंचकूला/ 03 जुलाई :- शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अवैध पार्किंग से जाम की समस्या से निपटने के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने जून माह में एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे खड़े किए गए 1258 वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन और मैनुअल माध्यम से चालान काटे गए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड टैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार ट्रैफिक पुलिस विभाग द्वारा बकायदा एडवाइजरी जारी कर लोगों से सड़क किनारे वाहन न खड़ा करने की अपील की गई थी। यही नहीं जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस ने शहर के सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर नो पार्किंग के बोर्ड भी लगाए थे, लेकिन इसके बावजूद कई वाहन चालकों ने नियमों का पालन नहीं किया। आम जनता की इस लापरवाही को देखते हुए पुलिस को सख्ती का रुख अपनाना पड़ा, जिसके तहत पंचकूला के शहरी क्षेत्र में ही यह कार्रवाई की गई।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के मुख्य मार्गों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पार्किंग के कारण अक्सर गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, बल्कि आम नागरिकों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सख्त लहजे में वाहन चालकों से अपील की कि सभी नागरिक अपने वाहनों को केवल निर्धारित और वैध पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़कों, बाजारों, चौराहों या अन्य सार्वजनिक मार्गों पर वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का सीधा उल्लंघन माना जाएगा और ट्रैफिक पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसी लापरवाही पर मौके पर ही चालान की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।