### **श्री सांवलिया सेठ के भंडार में छप्परफाड़ चढ़ावा, एक माह में 37 करोड़ से ज्यादा की आमद**
**मंडफिया।** भगवान श्री सांवलिया जी सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था का एक और बड़ा आंकड़ा सामने आया है। 10 सितंबर को खोले गए भंडार की राशि की गिनती **नौ चरणों में पूरी** हुई। अंतिम चरण में **11 लाख 89 हजार 117 रुपए** की नकद राशि प्राप्त हुई।
नौ चरणों की गिनती में भंडार से कुल **29 करोड़ 18 लाख 20 हजार 407 रुपए** नकद प्राप्त हुए। वहीं, मंदिर कार्यालय के भेंटकक्ष में श्रद्धालुओं द्वारा ऑनलाइन, मनी ऑर्डर और स्वयं उपस्थित होकर कुल **7 करोड़ 87 लाख 41 हजार 440 रुपए** भेंट स्वरूप जमा किए गए।
इस तरह एक माह में भगवान श्री सांवलिया जी सेठ के **भंडार एवं भेंटकक्ष से कुल 37 करोड़ 05 लाख 61 हजार 847 रुपए** की आमद हुई।
इसके साथ ही भंडार एवं भेंटकक्ष से प्राप्त धातुओं के तौल में **666 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना** और **102 किलो 415 ग्राम चांदी** भी प्राप्त हुई।
मंदिर बोर्ड अध्यक्ष **हजारीदास वैष्णव** की उपस्थिति में नौवें चरण की गिनती पूरी हुई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, मंदिर प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी सहित मंदिर के कर्मचारी और बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
Girwa, Udaipur | Sep 30, 2026