#सेवा_संकल्प_अभियान
सेवा की कहानी
नल जल योजना से गोठड़ा गांव में आसान हुई पेयजल की राह
उज्जैन, 05 अक्टूबर। जल जीवन मिशन के तहत उज्जैन ब्लॉक के ग्राम गोठड़ा में नल जल योजना ग्रामीणों के लिए सुविधा और राहत का माध्यम बनी है। गांव में घर-घर नल से नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों की पानी से जुड़ी वर्षों पुरानी परेशानी कम हुई है।
वर्ष 2019-20 में शुरू हुई उज्जैन एकल जल प्रदाय योजना के माध्यम से ग्राम गोठड़ा में नियमित जल प्रदाय किया जा रहा है। योजना शुरू होने से पहले ग्रामीणों को पेयजल के लिए करीब 5 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता था। इससे विशेष रूप से महिलाओं को पानी लाने में काफी समय और श्रम लगाना पड़ता था।
अब घर पर ही नल से पानी उपलब्ध होने से ग्रामीणों के समय और श्रम की बचत हो रही है। पेयजल की सुविधा मिलने से दैनिक जीवन के कार्य भी अधिक सहज हुए हैं।
ग्राम की ग्रामीण ज्योति माली ने बताया कि सुबह के समय घर पर पानी मिलने से घरेलू कामकाज में सुविधा हुई है। साथ ही बच्चों को समय पर तैयार कर स्कूल भेजना भी आसान हो गया है। उन्होंने बताया कि नल जल योजना से गांव के परिवारों को पेयजल के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और रोजमर्रा के कार्यों में काफी सुविधा मिली है।
जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से जल पहुंचाकर पेयजल सुविधा को सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh