किमाणा खाटली में भूधंसाव से मकानों में दरारें, दहशत में ग्रामीण
बसुकेदार। तहसील बसुकेदार की ग्राम सभा किमाणा खाटली में लगातार बारिश के बाद शुरू हुआ भूधंसाव अब आवासीय मकानों तक पहुंच गया है। पहले कृषि भूमि में दिखाई दे रही दरारें अब घरों की दीवारों और नींव में भी नजर आने लगी हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और कई परिवार रात डर के साए में गुजारने को मजबूर हैं।
ग्रामीण राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मकान में दरारें लगातार बढ़ रही हैं। वहीं इंद्र देई देवी और भागीरथी देवी के पुश्तैनी मकान भी प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थिति बिगड़ी तो विस्थापन की नौबत आ सकती है, लेकिन उनके सामने यह सवाल है कि वे जाएंगे कहां।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर भूधंसाव का वैज्ञानिक आकलन कराने और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बसुकेदार से भानू भट्ट जी की रिपोर्ट
#रुद्रप्रयाग #किमाणाखाटली #भूधंसाव #आपदा #उत्तराखंड #ग्रामीणोंकीआवाज