डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई
दो अवैध देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टलनुमा देशी कट्टा, एक देशी कट्टा 315 बोर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रकरण के अनुसंधान के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3, 8, 25 एवं 35 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में रात्रिकालीन गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थाना सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थानाधिकारी प्रेम सिंह खंगारोत के नेतृत्व में सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस एवं डीएसटी की टीम द्वारा 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि में सेंती पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। नाकाबंदी के दौरान रात्रि करीब 1 बजे बोजूंदा रोड की ओर से एक स्कूटी आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस द्वारा टॉर्च का संकेत देकर रुकने का इशारा किया गया तो दोनों युवक घबराकर वापस मुड़ने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम अनस अंसारी तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम योगेश उर्फ दुर्गेश उर्फ लक्की बैरवा बताया। दोनों युवक घबराए हुए दिखाई दिए। पुलिस को उनके व्यवहार पर संदेह होने पर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके पास एक स्कूटी की डिक्की में पिस्टल एवं कारतूस रखे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की। मौके पर नियमानुसार स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डिक्की से 1 अवैध पिस्टलनुमा देशी कट्टा, 1 देशी कट्टा 315 बोर तथा 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपियों से हथियार रखने के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा कोई अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु दोनों कोई वैध अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। बरामद हथियारों का मौके पर निरीक्षण किया गया।