सावन और उर्स को लेकर हाई अलर्ट पर बरेली पुलिस, 3000 से अधिक जवान तैनात
हर एक किलोमीटर पर पुलिस की निगरानी, ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी पैनी नजर
बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और 6 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले आला हजरत उर्स को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। दोनों बड़े धार्मिक आयोजनों के एक साथ होने के कारण पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। पूरे जिले में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जाएगा।
कांवड़ यात्रा के लिए पूरे जिले को 3 सुपर जोन, 8 जोन और 28 सेक्टर में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्गों पर 3000 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था ऐसी बनाई गई है कि हर एक किलोमीटर पर एक पुलिस कांस्टेबल और हर चार किलोमीटर पर एक सब इंस्पेक्टर मौजूद रहेगा। इसके अलावा कांवड़ियों के जत्थों के साथ पुलिस अधिकारी भी चलते रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों का पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा चुका है। संवेदनशील स्थानों की अलग से निगरानी की जाएगी।
वहीं 6 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले आला हजरत उर्स के लिए भी विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। उर्स क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 28 सेक्टर में बांटा गया है। यहां 1700 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 10 पुलिस कैंप स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पीएसी, आरएएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से ड्यूटी करेगी। पूरे आयोजन क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी, जबकि सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी हर गतिविधि पर नजर रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आयोजनों को लेकर 16 प्रकार के स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा, बिजली, नगर निगम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं और जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन ने आमजन, कांवड़ियों और उर्स में आने वाले जायरीन से अपील की है कि वे परंपरा और कानून का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन का लक्ष्य दोनों धार्मिक आयोजनों को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
#बरेलीपुलिस
#बरेलीन्यूज़लाइव