समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 07 अगस्त 2026
नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन एवं बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने का निर्देश
आज दिनांक 07 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों की प्रखंडवार एवं विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित वादों की स्थिति, बकाया राशि की वसूली तथा वादों के निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित वादों के निष्पादन में तेजी लाने तथा बड़े बकायेदारों से बकाया राशि की वसूली हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बकाया राशि की वसूली में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार बॉडी वारंट, कुर्की-जब्ती सहित अन्य विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को नीलाम पत्र वादों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने तथा संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित कर बड़े बकायेदारों के विरुद्ध वसूली अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि नीलाम पत्र वादों के निष्पादन एवं राशि वसूली के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए अगली समीक्षा बैठक से पूर्व ठोस प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, नीलाम पत्र पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar @top fans Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
Buxar, Bihar | Aug 7, 2026