#भरतपुर। बयाना के रूपवास क्षेत्र स्थित नगला दीवान रपट पर सोमवार को हादसा हो गया। गांव नगला दीवान निवासी मानसिंह कुशवाहा अपने ट्रैक्टर के साथ बिना पुलिया वाली रपट पार कर रहे थे, तभी फिसलन के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गम्भीर नदी के तेज बहाव में बह गया। मानसिंह के शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में बहे हुए ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से नदी से निकाला गया। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे वाली जगह पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद प्रशासन ने आज तक यहां पुलिया का निर्माण नहीं कराया है।