#भरतपुर। बयाना के बंध बारैठा बांध से निकलने वाली कुकुंद नदी की सफाई और पुरा गांव की ओर पाल निर्माण का कार्य अधूरा छोड़े जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। गुरुवार को सरपंच उमलेश सोलंकी की अगुवाई में ग्रामीणों ने मौके पर धरना देकर जल संसाधन विभाग और ठेकेदार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बाईखेड़ा की ओर पाल निर्माण पूरा कर दिया गया, लेकिन पुरा की तरफ काम अधूरा छोड़ दिया गया है। ऐसे में बरसात में बांध से पानी छोड़े जाने पर पुरा सहित आसपास के गांवों में बाढ़ और फसलों के डूबने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने कार्य जल्द पूरा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता बनयसिंह ने विभागीय टीम भेजकर ग्रामीणों से वार्ता करने और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।