विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदाय के लिए समस्या समाधान शिविर आयोजित
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में सहायक संचालक, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू विभाग के अंतर्गत जनपद सभागार निवाड़ी में जिला स्तरीय समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समुदाय के लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों को दूर करना तथा उन्हें आवश्यक शासकीय दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता करना था।
शिविर में बड़ी संख्या में समुदाय के लोगों ने उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा आवश्यक दस्तावेज बनवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। आवेदकों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी श्री राघव पटसारिया ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन संबंधी जानकारी से अवगत कराया।
शिविर के माध्यम से समुदाय के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा दस्तावेज संबंधी समस्याओं का निराकरण करना है।
Denotified, Nomadic and Semi-Nomadic Welfare Department Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #niwari
Niwari, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026