कोटा: 50 साल पुराने काली माता मंदिर निर्माण को लेकर उपजा विवाद, आधी रात को उमड़ी सैकड़ों लोगों की भीड़, आज 11 बजे तक का अल्टीमेटम
कोटा। शहर के चंबल इंडस्ट्रियल एरिया में मल्टीमेटल चौराहे के सामने स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने प्रसिद्ध 'श्री माँ काली मंदिर' के निर्माण कार्य को लेकर अचानक तनाव का माहौल बन गया है।
स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं के अनुसार, इस मंदिर की स्थापना करीब 50 साल पहले उस समय हुई थी, जब यहां इंडस्ट्रियल एरिया का विकास भी नहीं हुआ था। यह क्षेत्र के लोगों की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है।
फैक्ट्री प्रबंधन पर निर्माण रोकने का आरोप
मामले ने तब तूल पकड़ा जब मंदिर के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य को पास ही स्थित एक फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा कथित तौर पर रोके जाने का प्रयास किया गया। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
रात 12 बजे तक डटे रहे सैकड़ों लोग
विवाद की सूचना मिलते ही देर रात सैकड़ों की संख्या में लोग मंदिर प्रांगण के बाहर एकत्र हो गए। देर रात 12:00 बजे तक मौके पर लोगों का भारी जमावड़ा रहा और स्थिति में तनाव बना रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने मंदिर निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराने की मांग की।
आज 11 बजे तक का अल्टीमेटम
मामले को शांत कराने के प्रयासों के बीच स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने आज सुबह 11:00 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि मंदिर निर्माण कार्य को सुचारू रूप से शुरू नहीं करने दिया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में माहौल गरमाया हुआ है और पुलिस-प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Ladpura, Kota | Sep 21, 2026