29.09.2026 को संध्या करीब 05:09 बजे शेखपुरा पुलिस को यह सूचना प्राप्त हुई कि हथियावाँ थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटी पुल से करीब 50 मीटर दूर पर स्थित बगीचे में एक अज्ञात महिला (उम्र करीब 40-45 वर्ष) का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका हुआ पाया गया है।
सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियावाँ थानाध्यक्ष, पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध), शेखपुरा, थानाध्यक्ष, महिला थाना एवं हथियावाँ थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अविलंब FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया।
FSL टीम की सहायता से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया गया एवं पुलिस द्वारा विधिवत Inquest मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट) तैयार कर शव को अंतः परीक्षण (पोस्टमार्टम) हेतु सदर अस्पताल, शेखपुरा भेज दिया गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों एवं अन्य जाँच की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पता चल सकेगा।
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण स्वयं पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार शेखपुरा एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों द्वारा किया गया है। वर्तमान में मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त करने के लिए सभी आवश्यक और संभावित कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए, कांड के त्वरित एवं सफल उद्भेदन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेखपुरा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। SIT द्वारा मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। अज्ञात महिला की पहचान सुनिश्चित करने हेतु उसके हुलिए का विवरण एवं फोटोग्राफ को पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप ग्रुप्स आदि) पर प्रसारित किया गया है ताकि मृतिका की जल्द पहचान हो सके एवं अन्य सभी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार की जायेगी।
Sheikhpura, Sheikhpura | Sep 30, 2026