रात के समय जलोड़ी जोत की ओर सफर न करने की कुल्लू पुलिस ने दी सलाह, बर्फबारी के चलते सड़क पर बढ़ा फिसलन का खतरा
कुल्लू। जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। बारानाला के पास करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण सड़क मार्ग छोटे और बड़े वाहनों के लिए बंद हो गया है।
बर्फबारी के चलते जलोड़ी जोत के समीप फंसे पर्यटकों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जिला पुलिस की रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान करीब 8 दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों एवं ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर सरकारी वाहन के माध्यम से सोझा पहुंचाया गया। इसके अलावा दो छोटे वाहनों को टो करके जलोड़ी टॉप पार करवाया गया। वहीं, वापसी के दौरान कुछ वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित भेजा गया।
Kullu, Kullu | Nov 10, 2026