सम्राट चौधरी ने वैशाली और सारण के बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
हाजीपुर और सोनपुर में राहत शिविरों का किया निरीक्षण, बाढ़ पीड़ितों से की बातचीत
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वैशाली एवं सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाजीपुर और सोनपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां रह रहे लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से उनकी समस्याओं और शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में लोगों को स्वयं भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी एवं शैक्षणिक शिविरों का भी निरीक्षण किया। बच्चों से पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और खान-पान के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य शिविर का जायजा लेते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पशु चिकित्सा शिविरों में पर्याप्त दवाओं और पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ में डूबने से हुई मौत के मामलों में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई फसल क्षति का आकलन कराया जाएगा और प्रभावित किसानों को नियमानुसार समुचित मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरतते हुए जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।