चिट्टे मुक्त समाज निर्माण के लिए जनसहभागिता जरूरी
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। ग्राम पंचायत दत्तनगर में चिट्टे के खिलाफ जन-जागरूकता एवं जनसहभागिता बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी रामपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर के प्रधानाचार्य, स्थानीय पटवारी सहित पंचायत के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई कि चिट्टे जैसे गंभीर विषय पर आयोजित बैठकों में आम लोगों की भागीदारी बेहद कम रहती है। जनता की यह उदासीनता चिंता का विषय है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ग्राम पंचायत दत्तनगर रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रेड जोन पंचायत है, जहां चिट्टे की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है और कई युवा इसकी चपेट में हैं। पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए सामान्य प्रयासों से आगे बढ़कर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
प्रधान वीना नेगी ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा नशे के खिलाफ सराहनीय कार्य किया जा रहा है, लेकिन समाज के सहयोग के बिना इस लड़ाई को पूरी तरह जीतना संभव नहीं है। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील की कि चिट्टे के खिलाफ आयोजित हर बैठक और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई युवा नशे की गिरफ्त में है तो उसे केवल अपराधी समझकर छोड़ने के बजाय उसके परिवार और समाज को उसके साथ खड़ा होना चाहिए तथा उसे नशे से बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने चाहिए।
प्रधान ने कहा कि बच्चों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर दत्तनगर को चिट्टामुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा। जनता जागेगी, तभी हमारा युवा सुरक्षित रहेगा।
Rampur, Shimla | Aug 21, 2026