डीसीपी अमरिंदर सिंह ने किया रायपुर रानी थाना का निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के दिए कड़े निर्देश, फील्ड जवानों को बांटी विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट व 10 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
पंचकूला/ 16 नवंबर:-जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और आमजन के प्रति जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय मोड में नजर आ रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और जनहितकारी पुलिसिंग का अनुभव मिल सके। इसी कड़ी में आज डीसीपी अमरिंदर सिंह ने रायपुर रानी थाना का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यशैली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी अमरिंदर सिंह ने संबंधित एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर लंबित मामलों व शिकायतों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए कि पुराने लंबित मामलों सहित प्रत्येक शिकायत पर पूरी गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी परिवादी की शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा हर जांच में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही बरती जाए।
थाने के भौतिक निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शस्त्रागार में रखे हथियारों का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों की कार्यदक्षता को परखा। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न मुकदमों में जब्त किए गए वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी व्यावहारिक समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
आगामी सर्दी और धुंध के मौसम को ध्यान में रखते हुए डीसीपी अमरिंदर सिंह ने राइडर और फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये जैकेट न केवल जवानों को कड़ाके की ठंड से बचाएंगी, बल्कि कम दृश्यता और कोहरे के दौरान सड़क पर उनकी स्पष्ट पहचान सुनिश्चित कर उनकी सुरक्षा में भी सहायक होंगी। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से डीसीपी ने विभिन्न पुलिस टीमों के कार्यों का आकलन किया और सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 10 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला के सभी थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण यूनिट्स के नियमित निरीक्षण का मुख्य लक्ष्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने से पूरी फोर्स में कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भावना को बल मिलता है।
इस अवसर पर एसीपी राकेश, रायपुर रानी थाना प्रभारी पीएसआई प्रीतम, मौली चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामकरण सहित सभी जांच अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
Panchkula, Panchkula | Nov 17, 2026