अब विद्यार्थियों की समस्या का 30 दिनों में होगा समाधान, डीएम ने बताया ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का लाभ
बांका। विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए बिहार सरकार द्वारा ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की गई है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने जिले के विद्यार्थियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा 17 अगस्त 2026 को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित कार्यालयों एवं पदाधिकारियों के पास जाकर आवेदन या शिकायत करनी पड़ती थी। कई बार उचित माध्यम की जानकारी नहीं होने अथवा शिकायत के समाधान की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब पोर्टल के माध्यम से उन्हें घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी।
शिकायत की प्रक्रिया भी रहेगी पारदर्शी
डीएम ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एक सुव्यवस्थित, ऑनलाइन एवं पारदर्शी माध्यम है। विद्यार्थी अपनी समस्या ऑनलाइन दर्ज करने के साथ-साथ शिकायत के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की निगरानी आसान होगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इससे विद्यार्थियों की समस्याओं के निस्तारण में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
हर महीने चौथे मंगलवार को मुख्यमंत्री सुनेंगे विद्यार्थियों की समस्या
जिला पदाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को सीधे राज्य स्तर पर रखने और उनके समाधान का अवसर मिलेगा।
डीएम ने जिले के सभी विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की शैक्षणिक अथवा छात्रावास संबंधी समस्या होने पर विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का इस्तेमाल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं और सरकार की इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
यहां दर्ज करें ऑनलाइन शिकायत
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के लिए विद्यार्थी sahyog.bihar.gov.in/hss/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के सभी विद्यार्थियों से इस पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।