सनवारा टोल प्लाजा के पास NH-5 पर भीषण हादसा, बेकाबू पिकअप ने तीन वाहनों को मारी टक्कर
सोलन जिले के सनवारा स्थित टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पीछे से चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रही दो अन्य कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए परवाणू से शिमला जाने वाली लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण पिकअप चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Solan, Solan | Jul 20, 2026