*बस्ती: कटेश्वर पार्क बना "असुरक्षित", टिकट कर्मी पर लड़कियों से अभद्रता और चाकू से हमले की धमकी का आरोप, हिन्दू युवा वाहिनी ने एसपी को सौंपा ज्ञापन*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 14 जुलाई 2026
*बस्ती।* बच्चों और परिवारों के मनोरंजन का एकमात्र सहारा कटेश्वर पार्क अब असुरक्षा का अड्डा बनता जा रहा है। पार्क के गेट पर तैनात टिकट काउंटर कर्मी द्वारा लड़कियों से अभद्रता और चाकू फेंककर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर हिन्दू युवा वाहिनी ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
*क्या है पूरा मामला*
हिन्दू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री विनय सिंह ने एसपी को दिए पत्र में कहा कि कटेश्वर पार्क जनपद बस्ती का एकमात्र ऐसा पार्क है जहां दूर-दराज से परिवार अपने बच्चों के साथ घूमने आते हैं। लेकिन कुछ समय से पार्क के गेट पर टिकट काटने वाले मो0 कैफ नामक कर्मचारी की दबंगई के कारण माहौल खराब हो गया है।
शिकायत में बताया गया कि दिनांक 13.07.2026 को एक परिवार पार्क में जन्मदिन मनाने आया था। इसी दौरान आरोपी मो0 कैफ अपने साथी पुनु अहमद और साहिल के साथ वहां पहुंचा। तीनों ने वहां मौजूद लड़कियों के साथ अभद्रता की और गंदी-गंदी गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने चीरकर/चाकू फेंक देने और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से वहां मौजूद अन्य परिवारों में भी दहशत फैल गई।
*"पार्क में चल रहा है दबंगई का खेल"*
पत्र में आरोप लगाया गया है कि मो0 कैफ अकेला नहीं है। उसके साथ एक पूरा गिरोह काम कर रहा है जो पार्क और आसपास के क्षेत्र में दबंगई, अभद्रता और धमकी देकर अपना रौब जमाता है। टिकट काउंटर की आड़ में ये लोग पार्क आने वाली बहन-बेटियों पर गलत निगाह रखते हैं और उनके साथ छेड़छाड़ जैसी हरकतें करते हैं। विनय सिंह ने कहा कि "अगर समय रहते इस गिरोह पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कटेश्वर पार्क में कोई बड़ी घटना हो सकती है। अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पार्क आने से डरेंगे।"
*कड़ी कार्रवाई की मांग*
हिन्दू युवा वाहिनी ने एसपी बस्ती से मांग की है कि मो0 कैफ, पुनु अहमद, साहिल और इनके पूरे गिरोह के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। साथ ही पार्क में महिला पुलिस और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराई जाए ताकि बहन-बेटियां सुरक्षित तरीके से पार्क में आ-जा सकें।
ज्ञापन में कहा गया है कि "जनपद में शांति व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर उदाहरण पेश किया जाए।" फिलहाल पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jul 14, 2026