पुलिस महानिरीक्षक ने किया एसपी कार्यालय का निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
अभिलेखों के संधारण और अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर
जहानाबाद : पुलिस महानिरीक्षक, गयाजी (मगध) प्रक्षेत्र का मंगलवार को जहानाबाद आगमन हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिरीक्षक को स्मृति-चिह्न के रूप में सप्रेम गमला भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने सलामी गार्ड की सलामी ग्रहण की और परेड का निरीक्षण किया।
इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का विधिवत निरीक्षण किया। इस क्रम में कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय में संचालित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा सभी अभिलेखों का समुचित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं घोसी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित जिले के सभी अंचल पुलिस निरीक्षक उपस्थित रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 4, 2026