संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखने के उद्देश्य से तहसील नागपुर अंतर्गत हसदेव नदी इंटेकवेल एवं ग्राम पंचायत लाई स्थित वन विभाग नर्सरी परिसर में बाढ़ आपदा मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में बाढ़ की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर राहत एवं बचाव कार्यों की पूरी प्रक्रिया को मौके पर जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया।
मॉकड्रिल में एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से नदी के टापू में फंसे ग्रामीणों, तेज बहाव में डूबते व्यक्तियों, पेड़ों की डालियों और पुल पर फंसे लोगों को मोटर बोट, रेस्क्यू रस्सियों एवं अन्य आधुनिक उपकरणों की सहायता से सुरक्षित निकालने का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही ढहे मकान में दबे लोगों के रेस्क्यू और सर्पदंश पीड़ित को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
#chhattisgarh #mcbdistrict