नूरपुर पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक
नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर में सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस कल्याण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, मुख्य लिपिक, सुरक्षा प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एनडीपीएस मामलों की वित्तीय जांच, PIT NDPS Act के प्रस्तावों तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों और अन्य साइबर ठगी के मामलों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आम लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने, साइबर हेल्पलाइन 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और पुलिस पोर्टलों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आगामी अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने तथा मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को पेशेवर कार्यशैली अपनाने, यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, नशा उन्मूलन अभियान में जनसहयोग बढ़ाने तथा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करने पर भी बल दिया।
अपराध समीक्षा बैठक के बाद आयोजित पुलिस कल्याण बैठक में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। उनके स्वास्थ्य, कल्याण और कार्यस्थल की परिस्थितियों में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
Kangra, Kangra | Jul 6, 2026