सागर में अग्निवीर भर्ती रैली जारी, चौथे दिन 575 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित
सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर द्वारा इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन कुल 814 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। कड़ी प्रतिस्पर्धा एवं निर्धारित शारीरिक मानकों के बीच 575 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक दौड़ पूरी कर अगले चरण में प्रवेश किया। भर्ती रैली 1 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरणों से गुजरना होगा, जिसमें शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, शारीरिक मापदंड, बायोमेट्रिक एवं दस्तावेज सत्यापन तथा मेडिकल जांच शामिल है। अभ्यर्थियों में उत्साह और अनुशासन देखने को मिला।
सागर सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की आवागमन सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन क्रमांक 01711 मकरोनिया से मुरैना शाम 6 बजे, 01832 मकरोनिया से मुरैना सुबह 2:15 बजे तथा 01834 मकरोनिया से भिंड सुबह 3:15 बजे रवाना होगी। समय-सारणी में परिवर्तन की स्थिति में आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने और यात्रा के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई है।
सागर जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के समन्वय से भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष एवं योग्यता के आधार पर होती है। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति, दलाल या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं।
#jansamparkMP #sagar
3 views | Sagar, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026