जोधपुर CST की बड़ी कार्रवाई: दो साल से फरार ₹10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। कमिश्नरेट स्पेशल टीम (CST) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को दस्तयाब किया है। आरोपी भीलवाड़ा जिले के करोंई थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज 4 क्विंटल डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में वांछित था।
पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी के निकट सुपरविजन में स्पेशल टीम प्रभारी उप निरीक्षक मेहराज तंवर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दस्तयाब आरोपी की पहचान सुनील पुत्र गिरधारीलाल बिश्नोई (40), निवासी आमली की ढाणी, खेड़ी, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
नवरात्रि में मकान की नींव डालने गांव आया था आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी नवरात्रि के दौरान अपने मकान की नींव डालने के सिलसिले में गांव आया हुआ था। इसी दौरान स्पेशल टीम को उसके गांव में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दस्तयाब कर लिया।
CST टीम ने आरोपी को दस्तयाब करने के बाद पुलिस थाना डांगियावास से संपर्क किया है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए भीलवाड़ा जिले के करोंई थाना पुलिस से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
CST की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की तलाश में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।