बलिया में शिवरात्रि के अवसर पर गंगा में जल लेने निकले एडवोकेट दंपति के साथ बड़ा हादसा हो गया।
बलिया में गंगा नदी के शिवरामपुर घाट क्षेत्र से लापता हुए दंपति में पत्नी इंदू देवी का शव मंगलवार को बयासी पुल के पास नदी किनारे बरामद हुआ।
वहीं उनके पति ओमप्रकाश दुबे की तलाश पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार कर रही है।
पुलिस के अनुसार, इंदू देवी (52) पत्नी ओमप्रकाश दुबे का शव 11 अगस्त को करीब 2:30 बजे गंगा नदी में बयासी पुल के पास बहता हुआ मिला।
सूचना पर दुबहड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिनाख्त के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों के मुताबिक, ओमप्रकाश दुबे और उनकी पत्नी सोमवार शाम करीब सात बजे घर से गंगा नदी पर जल लेने के लिए निकले थे। इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो सका।
इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र की विचलाघाट चौकी के अंतर्गत शिवरामपुर घाट पर उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ओमप्रकाश दुबे की तलाश में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करेगी। घटना से परिवार और अधिवक्ता समुदाय में शोक का माहौल है।
#Ballia #shivratri #accident #Balliakhabar