चारा लेकर लौट रहे दो भाइयों पर तलवार और तमंचे से हमला
ढिकोली गांव में खेत से चारा लेकर लौट रहे दो भाइयों पर कार सवार युवकों द्वारा तलवार और तमंचे से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढिकोली निवासी इकेन्द्र पुत्र बलजोर ने बताया कि वह अपने भाई संजीव के साथ देर शाम बाइक से खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया था। चारा लेकर वापस लौटते समय गांव के ही अमित पुत्र सुरेंद्र और रविंद्र कार से पहुंचे और उनकी बाइक के सामने कार लगाकर रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान अमित ने तलवार से हमला कर दिया। इकेन्द्र ने फावड़े की मदद से वार को रोक लिया। वहीं रविंद्र ने संजीव पर तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
पीड़ितों के अनुसार उन्होंने अमित को तलवार सहित मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि रविंद्र जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। संजीव ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी अमित को कार और तलवार सहित हिरासत में ले लिया।
इकेन्द्र का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित ने थाना चांदीनगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
UP Police Baghpat Police
Baraut, Bagpat | Jun 24, 2026