सुंदरकांड पाठ के साथ श्री शनिदेव मंदिर में हुआ विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
बस्ती। शनिवार को जिले के गांवगोड़िया स्थित श्री काली मंदिर के सामने स्थित श्री शनिदेव मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां सुंदरकांड पाठ के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से भगवान श्रीराम, हनुमान जी एवं भगवान शनिदेव के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया गया। सुंदरकांड के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति गीतों और जयकारों से गुंजायमान हो गया।
उपस्थित श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की महिमा का गुणगान करते हुए सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के संयोजक शशि भूषण तिवारी उर्फ पिंटू बाबा एवं शैलेश चौधरी ने बताया कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा लोगों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के माध्यम से भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सूरज गौड़, कन्हैया लाल चौधरी, भोलानाथ शर्मा सहित अन्य सदस्यों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं धर्मप्रेमियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त गण उपस्थित रहे।
Basti, Basti | Jun 7, 2026