हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई पराली से भरी ट्रॉली, धू-धू कर जली; चालक ने कूदकर बचाई जान
#लालबहादुर_भाखर #Lalbahadurbhakhar #RajasthanNews #pilibanganews #hanumangarhnews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़):- लालबहादुर भाखर:-पीलीबंगा उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सरांवावाला में खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग भड़कते ही ट्रैक्टर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत छलांग लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और जनहानि होने से बच गई।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण लाहौर सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, गांव सरांवावाला निवासी किसान तरसेम सिंह भुल्लर के खेत में पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकाली जा रही थी। इसी दौरान ट्रॉली ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से छू गई। तारों से स्पार्किंग होते ही सूखी पराली ने पल भर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं। हादसे में ट्रॉली सहित पूरी पराली जलकर पूरी तरह राख हो गई।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय नगर पालिका प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके पश्चात नगर पालिका की एक्सकेवेटर मशीन बुलाकर मौके से मिट्टी हटाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Pilibanga, Hanumangarh | Oct 18, 2026