#भरतपुर। बयाना कस्बे के बट्टा मार्केट में बुधवार शाम करीब 6 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे एक रंग-पेंट की दुकान में जा घुसा। ट्रैक्टर ने सबसे पहले दुकान के आगे लगी पत्थर की पट्टी को तोड़ा और वहां खड़ी दो बाइकों को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे के वक्त दुकान के बाहर और बाजार में कई लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक हुए इस हादसे से बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वारदात के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार चालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।