127वें वर्ष की रामलीला में हनुमान ने फूंकी सोने की लंका, अंगद-रावण संवाद ने बांधा समां
अंगद की चुनौती के आगे नहीं झुका रावण, युद्ध के जयघोष के साथ आठवें दिन की लीला का समापन
श्रीनगर गढ़वाल। श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के 127वें वर्ष में आठवें दिन लंका दहन और अंगद-रावण संवाद की लीला का भव्य मंचन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित मंचन में कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। हनुमान द्वारा लंका दहन और अंगद-रावण संवाद के दृश्यों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ रामदरबार में प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण द्वारा मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ। इसके बाद मंच पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। अशोक वाटिका में हनुमान द्वारा रावण पुत्र अक्षय कुमार का वध, मेघनाद द्वारा हनुमान को बंदी बनाकर रावण के दरबार में लाना और रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में आग लगाने के प्रसंग का मंचन किया गया। इसके बाद हनुमान ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए सोने की लंका को आग के हवाले कर दिया।
अगले दृश्य में रावण द्वारा विभीषण को लंका से निष्कासित करने और रामेश्वरम में ज्योतिर्लिंग स्थापना के प्रसंग का मंचन हुआ। इस दौरान पंडित की भूमिका में रावण ने प्रभु श्रीराम को विजयश्री प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया। इसके बाद अंगद-रावण संवाद ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। अंगद ने रावण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके अहंकार के चलते संधि नहीं हो सकी। अंत में अंगद ने युद्ध का जयघोष किया। अंगद की भूमिका निभा रहे मुकेश सेमवाल ने अपने प्रभावशाली अभिनय से खूब तालियां बटोरीं।
कलाकारों के अभिनय ने मोहा मन
लीला में रावण की भूमिका सुदेश जुगरान, विभीषण की सुधीर डंगवाल, मेघनाद की पंकज बडोनी और अक्षय कुमार की भूमिका संजय तिवाड़ी ने निभाई। मुख्य निर्देशन का दायित्व वीरेन्द्र रातूड़ी ने संभाला। वहीं, जगमोहन, राजमोहन, शिवलाल और संजय पांडे की मधुर संगीत प्रस्तुतियों ने रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अतिथियों ने बढ़ाया कलाकारों का उत्साह
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य बीरेंद्र सिंह नेगी, सुधांशु नौडियाल, सूरज नेगी, छात्रसंघ महासचिव मयंक बहुगुणा, उपाध्यक्ष पुलकित अग्रवाल, सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्य पीसी नौडियाल सहित व्यापारी विश्नोई उपस्थित रहे।
समिति के संरक्षक बुद्धिबल्लभ उनियाल, हरि प्रसाद उनियाल, दिनेश असवाल और विपिन गौतम सहित अध्यक्ष देवेंद्र मणि मिश्रा, सचिव हिमांशु अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय रावल और आशीष उनियाल समेत समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेषक: मनीष चंद्र बडोनी, मीडिया प्रभारी, श्री आदर्श रामलीला समिति।