फिरोजाबाद। डेढ़ साल के मासूम की निर्मम हत्या के मामले में फिरोजाबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दोषी जितेंद्र पाठक उर्फ बिराज को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने मामले को दुर्लभतम श्रेणी का अपराध मानते हुए यह निर्णय दिया।
अभियोजन के अनुसार 30 मई 2026 को थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में आरोपी ने डेढ़ वर्षीय मासूम को आठ बार जमीन पर पटककर उसकी हत्या कर दी थी। बताया गया कि आरोपी बच्चे की मां से एकतरफा प्रेम करता था और मासूम को अपने रास्ते की रुकावट मानता था। घटना के बाद आरोपी शव को फेंकने की कोशिश कर रहा था।
जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) राजीव प्रेयदर्शी ने बताया कि पुलिस ने महज छह दिन में आरोपपत्र दाखिल किया। त्वरित सुनवाई के बाद करीब 40 दिनों के भीतर अदालत ने फैसला सुनाते हुए दोषी को फांसी की सजा सुनाई। फैसला सुनते समय अदालत कक्ष खचाखच भरा रहा।
Sasni, Hathras | Jul 11, 2026