आज दिनांक 17.07.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में 'सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)' अभियान के तहत समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 112 व्यक्तियों के द्वारा आवेदन पत्र/शिकायत पत्र दिया गया। जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में गोपालगंज गौरक्षणी, सासाराम निवासी तुलसी पांडेय द्वारा मूल उत्तराधिकार प्रमाण पत्र वापस करने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी, सासाराम को निर्देशित किया गया।
वहीं, बिक्रमगंज निवासी मंजुलिका सिंह ने मकान/मैरेज हॉल खाली कराने से संबंधित आवेदन दिया। मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम को अग्रसारित किया गया।
इसके अलावा मोहनी पंचायत के महाराजगंज निवासी गोविंद राम ने प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्त शिक्षा सेवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास को अविलंब जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त प्राप्त सभी अन्य शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
#IPRD
#EaseOfLiving
#PublicService
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Patna, Bihar | Jul 17, 2026