कोशी स्नातक चुनाव को लेकर डीएम-एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
लखीसराय। कोशी स्नातक निर्वाचन-को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान हलसी, चानन, पिपरिया, सूर्यगढ़ा, बड़हिया एवं लखीसराय प्रखंड के साथ नगर परिषद क्षेत्र स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदाताओं की सहूलियत, पुलिस बल की तैनाती तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा निर्वाचन कार्य में पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के तहत लखीसराय जिले में कुल 3,753 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,940 पुरुष और 813 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों की लगातार निगरानी की गई। प्रशासन ने मतदाताओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने तथा चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Lakhisarai, Lakhisarai | Oct 23, 2026